-कॉमरेड सुनील ठाकुर की पुण्यतिथि पर होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। कॉमरेड सुनील ठाकुर की पुण्यतिथि के अवसर पर 9 अप्रैल को बेचड़ का बाग में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर कामरेड सुनील ठाकुर क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
क्लब के पदाधिकारी अनिल ठाकुर ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाना और युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि रक्तदान महादान है और इससे किसी की जान बचाई जा सकती है। इसलिए सभी युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की गई है। शिविर में मेडिकल कॉलेज नाहन के ब्लड बैंक की विशेषज्ञ टीम मौजूद रहेगी, जो रक्त एकत्रित करने के साथ-साथ दाताओं की स्वास्थ्य जांच भी करेगी।
शिविर के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएगी ताकि रक्तदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गौरतलब है कि स्वर्गीय सुनील ठाकुर का जीवन समाज सेवा को समर्पित रहा। उन्होंने विशेष रूप से छात्र हितों के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए और हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी। आयोजकों ने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम जनता से अपील की है कि वे इस पुण्य अवसर पर रक्तदान कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करें। संवाद