नाहन (सिरमौर)। सैनधार क्षेत्र की बगड़ व कोटला मोलर पंचायतों के आधा दर्जन गांव 72 घंटों से गुप अंधेरे में हैं। पिछले चार दिन से लोगों को बिजली सुविधा से नहीं जोड़ा गया है। लिहाजा बोर्ड का कार्यप्रणाली के प्रति लोगों का गुस्सा फूट रहा है।
नाहन विकास खंड के तहत आने वाली बगड़ व कोटला मोलर पंचायतों के कई गांव बिजली समस्या झेल रहे हैं। अभी तक विद्युत बोर्ड के कर्मचारी ऐसे गांवों में बिजली व्यवस्था को नियमित नहीं कर पाए हैं। बगड़ पंचायत के संदड़ाह, कांगू, अपर जाइंचा, निचला जाइंचा, मझाई, कुनिया व शमाली, कोटला मोलर पंचायत के मोलर, खड़की पटियार, चूनखर व डडग आदि गांव में अभी भी अंधेरा पसरा हुआ है।
खडग़ी पटियार के नंदलाल, श्यामलाल, मोलर के विनोद शर्मा, सत्यानंद शर्मा, संदड़ाह के लायकराम शर्मा, जगदीश शर्मा, रमेश शर्मा, गीताराम शर्मा, कांगू के सदानंद शर्मा व शमाली के धनीराम व साऊराम आदि ने बताया कि पिछले चार दिन से कई गांवों में अंधेरा छाया हुआ है। इससे ग्रामीणों को कामकाज निपटाना काफी मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि बिना बिजली के टीवी, रेफ्रीजरेटर, मोबाइल शोपीस बने हैं। खाना पकाने व खाने में भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्कूली बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि बोर्ड के कर्मचारी समय पर काम नहीं निपटा रहे हैं। लिहाजा अभी तक बिजली सुविधा से लोगों को वंचित रहना पड़ रहा है।
सनद रहे कि शुक्रवार की रात को क्षेत्र में भारी अंधड़ के कारण बिजली के दर्जनों खंभे क्षतिग्रस्त हो गए थे। वहीं बिजली की एलटी व एचटी लाइनें भी टूट गईं।
उधर, इस संबंध में बोर्ड के एसडीओ सलीम ने बताया कि बोर्ड के कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगा रखा है। दिन-रात एक कर लोगों को बिजली सुविधा से जोड़ने का काम चल रहा है। वह स्वयं भी मौका देख चुके हैं। मोलर में 8 पोल को नुकसान के साथ-साथ बिजली की लाइनें भी टूट गईं। इन्हें दुरुस्त करने में कुछ समय और लगेगा।
------------------