-15 में से 11 सदस्य भाजपा समर्थित, कांग्रेस के खाते में केवल चार सीटें
-16 जून को होगा चुनाव, उपाध्यक्ष पद को लेकर भी तेज हुई राजनीतिक चर्चाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद पंचायत समिति में भाजपा की सत्ता लगभग तय मानी जा रही है। पंचायत समिति के 15 निर्वाचित सदस्यों में से 11 सदस्य भाजपा समर्थित हैं, जबकि कांग्रेस विचारधारा से जुड़े केवल चार सदस्य ही जीतकर आए हैं। ऐसे में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
16 जून को होने वाले पंचायत समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद की दौड़ में बाग पशोग पंचायत के पूर्व प्रधान एवं वर्तमान पंचायत समिति सदस्य प्रकाश भाटिया का नाम सबसे आगे चल रहा है। इसके अलावा लाना बांका पंचायत समिति वार्ड से निर्वाचित अमरजीत सिंह का नाम भी अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों में शामिल है।
सूत्रों के अनुसार, पच्छाद पंचायत समिति अध्यक्ष पद के लिए प्रकाश भाटिया के नाम पर लगभग सहमति बन चुकी है। हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व और निर्वाचित सदस्यों की बैठक के बाद ही लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि पंचायत समिति अध्यक्ष का पद आरक्षित श्रेणी के लिए निर्धारित है, जबकि उपाध्यक्ष पद अनारक्षित श्रेणी के उम्मीदवार को दिए जाने की चर्चा है। ऐसे में अध्यक्ष पद के साथ-साथ उपाध्यक्ष पद को लेकर भी राजनीतिक समीकरणों पर मंथन शुरू हो गया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष अनूप शर्मा ने कहा कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मंडल पदाधिकारियों और पंचायत समिति सदस्यों की सहमति से नाम तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन जो निर्णय लेगा, सभी सदस्य उसका सम्मान करेंगे। पंचायत समिति चुनाव को लेकर भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल है, जबकि विपक्षी दल भी आगामी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।