सतौन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के तहत सतौन बाजार में बिना मास्क बाइक पर निकले तीन युवाओं के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। मास्क न पहनने पर जहां उन्हें इसकी अहमियत के बारे में बताया गया वहीं उनकी बाइक का सील कर राजबन पुलिस चौकी ले जाया गया।
जिला प्रशासन ने सिरमौर में दो दिन के लिए बाजार बंद रखने के आदेश किए हैं जिसमें जरूरी सामान की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकानों को बंद किया हुआ है। शनिवार को राजबन पुलिस की टीम सतौन बाजार में गश्त करने पहुंची तो बसस्टैंड के समीप पांवटा साहिब की तरफ से तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर आए। एक तो बाइक पर तीन-तीन युवा बैठकर यातायात नियमों की अवहेलना कर रहे थे, दूसरा उन्होंने मास्क भी नहीं पहना था।
पुलिस टीम ने रुकवाकर पूछताछ की। पुलिस टीम ने बाइक को जब्त कर गाड़ी में रखकर राजबन पुलिस चौकी पहुंचाया। पांवटा साहिब के डीएसपी बीर बहादुर ने बताया कि पुलिस लगातार लोगों को कोरोना नियमों के प्रति जागरूक कर रही है। उसके बावजूद भी जो नियमों का उल्लंघन करेंगे उसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
-----------------