तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने का लगाया गया आरोप
लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, उपचार के बीच तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब/पुरूवाला (सिरमौर)। सालवाला सड़क पर बाइक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। शिकायत के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के दौरान अचानक ब्रेक लगाने से हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुरुवाला निवासी मुश्ताक की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया कि बुधवार रात पुरुवाला चौक के समीप सालवाला सड़क पर एक मोटरसाइकिल चालक रवि कुमार तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था। इसी दौरान उसने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में चालक रवि कुमार और पीछे बैठे चंद किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान बाइक चालक रवि कुमार निवासी रक्सौल, बिहार ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल चंद किशोर का उपचार जारी है। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना पुरुवाला ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।