भीम आर्मी के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र शेखर करेंगे अध्यक्षता
ददाहू में भीम आर्मी जिला इकाई की बैठक में बोले लोकसभा प्रभारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। भीम आर्मी की ओर से बहुजन भाईचारा सम्मेलन का आयोजन फरवरी महीने में पांवटा साहिब में आयोजित किया जाएगा। इसकी अध्यक्षता भीम आर्मी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद करेंगे। यह जानकारी रविवार को ददाहू में आयोजित भीम आर्मी जिला इकाई बैठक में भीम आर्मी के लोकसभा प्रभारी सुरेंद्र धर्मा ने दी।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन के सफल आयोजन व राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है। इस सम्मेलन में दलित समुदाय से जुड़े सैकड़ों लोग शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त समुदाय के लोगों की आवाज को बुलंद करने के लिए भीम आर्मी पंचायत स्तर पर अपनी समितियां गठित करेगी। इसमें शतप्रतिशत लोगों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
इस दौरान भीम आर्मी की जिला इकाई ने एट्रोसिटी के मामलों में ठोस कार्रवाई करने, शामलात भूमि में हक प्रदान करने,भूमिहीन परिवारों को भूमि प्रदान सहित सरकारी व आउटसोर्स की भर्तियों में वर्ग के लोगों को नौकरी प्रदान करने की मांग की है। धर्मा ने कहा कि संगठन समाज में शोषित, दबे व कुचले लोगों के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा।
उन्होंने कहा कि एट्रोसिटी के अधिकतर मामलों में पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न किए जाने से पीड़ितों को समय पर न्याय नहीं मिल रहा है। पुलिस मामलों को दबाने के प्रयास में जुटी रहती है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष धनी राम चौहान, उपाध्यक्ष यशपाल, महासचिव बलिन्द्र कुमार, सचिव रमेश कुमार, रेणुका इकाई के अध्यक्ष बलबीर सिंह, महासचिव यशपाल व सचिव जयपाल सहित भीम आर्मी से जुड़े अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संवाद