मोदी सरकार ने लिखी विकास की नई इबारत, विकसित बन रहा भारत : बिंदल
रामाधौण पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान बोले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। विकसित भारत संकल्प यात्रा शनिवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के रामाधौण पंचायत में पहुंची। इस यात्रा में क्षेत्र के 100 से अधिक लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को सुना और उनका लाभ उठाया।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को अति शीघ्र विकसित भारत के रूप में देखना चाहते हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री देश के गरीबों के उत्थान, कल्याण और विकास में जुटे हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि विगत साढ़े नौ सालों में प्रधानमंत्री ने 47 करोड़ जनधन के खाते खुलवाए। 30 करोड़ घरों में नल से स्वच्छ जल पहुंचाया। 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत के अंतर्गत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाईं।
80 करोड़ को पिछले तीन साल से 5 किलो अनाज प्रति व्यक्ति मुफ्त दिया, जो आगे भी 5 साल और दिया जाएगा। ऐसी कई प्रभावशाली योजनाओं से गरीब कल्याण की दिशा में एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है।
उन्होंने कहा कि विकास का सिलसिला यहीं नहीं थमता। 3.50 करोड़ गरीबों को पक्के घर उपलब्ध करवाए हैं। 11 करोड़ घरों में शौचालय बनवाकर दिए और अन्य योजनाओं के माध्यम से केंद्र की मोदी सरकार ने विकास की नई इबारत लिखी है।
इस मौके पर पंचायत प्रधान रामकुमार, उपप्रधान यशपाल, जिला परिषद सदस्य निर्मला शर्मा, बीडीसी सदस्य ऊषा शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र ठाकुर, महेंद्र कश्यप, बलदेव शर्मा और सुरेश शर्मा व अन्य मौजूद रहे।