भगानी मारपीट में पीड़ित पक्ष वी ग्रामीण डीएसपी पांवटा साहिब से अपनी बात रखते हुए। संवाद
शांत माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग, पीड़ित पक्ष मिला डीएसपी से
-भंगानी मारपीट मामले में पीड़ित पक्ष ने लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के भंगानी क्षेत्र में घर में घुसकर कथित मारपीट के मामले में मंगलवार को पीड़ित पक्ष ग्रामीणों के साथ डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर से मिला। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं क्षेत्र के शांतिपूर्ण माहौल को प्रभावित कर रही हैं।
डीएसपी से मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पुरुवाला थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। उनका आरोप है कि कुछ लोग जबरन उनके घर में घुस आए और उनके साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्यों से भी मारपीट की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ सकते हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि भंगानी क्षेत्र हमेशा शांतिपूर्ण रहा है और इस तरह की घटनाओं से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
उधर, डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने ग्रामीणों को बताया कि मारपीट के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।