-अनूप छाजटा, सैंडी स्काई और तनुजा चौहान ने लोकगीतों से बांधा समां
-देवामानल में भैयादूज महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार/हरिपुरधार (सिरमौर)। ग्राम पंचायत देवामानल में भैयादूज महोत्सव पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान सिरमौरी लोकसंस्कृति, पारंपरिक लोकगीतों और पहाड़ी नाटी की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। समारोह में बहनों, बेटियों, रिश्तेदारों, युवाओं और क्षेत्रवासियों की भागीदारी ने इसे पारिवारिक मिलन और आपसी भाईचारे का यादगार अवसर बना दिया।
कार्यक्रम में समाजसेवी एवं प्रगतिशील किसान संदीप ठाकुर मुख्यातिथि और व्यवसायी एवं समाजसेवी संजीव ठाकुर विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। दोनों अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। सांस्कृतिक संध्या में लोकगायक अनूप छाजटा ने आज पाहुणे तेरे रे गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। वहीं सैंडी स्काई, अभिषेक ठाकुर और गायिका तनुजा चौहान ने सिरमौर और शिमला क्षेत्र के लोकप्रिय लोकगीतों और पहाड़ी नाटियों से समां बांधा। रामादासिये, पारो आया बंजारा और मैं तो जाई आवणा सोलनी बाजार जैसे गीत विशेष आकर्षण रहे।
तन्नू डांस ग्रुप और जौनसार के साज बैंड की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। मंच संचालन सूरज पंचटा ने किया, जबकि ध्वनि व्यवस्था शिव साउंड भराड़ी ने संभाली। इस मौके पर पंचायत प्रधान संगीता पुंडीर, उपप्रधान भीमदेव पुंडीर और नवयुवक मंडल के प्रधान मनदीप आदि मौजूद रहे।-