शहीदी दिवस पर राजगढ़ में पदयात्रा निकालते बच्चे और लोग। संवाद
-देशभक्ति गीतों के नारे लगाते हुए निकाली पदयात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत सिरमौर की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा मीडिया क्लब के सहयोग से संपन्न हुआ। इस दौरान राजगढ़ में एक पदयात्रा निकाली गई, जिसमें युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पदयात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और शहीदों के बलिदान को भावपूर्ण तरीके से याद किया गया। इसके पश्चात आयोजित गोष्ठी में अमित, क्रांति व विकल्प सिंह ठाकुर ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के जीवन, विचारों और उनके महान बलिदान पर प्रकाश डाला।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों को अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में सभी उपस्थित लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। संवाद