प्रशिक्षण में ब्यूटी सर्विस की आधुनिक तकनीकों पर कराया जा रहा अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार से जोडऩे के उद्देश्य से यूको आरसेटी नाहन में चल रहे निशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शुक्रवार को 35 महिला प्रतिभागियों ने एडवांस हेयर स्मूदनिंग और स्किन थेरेपी की तकनीकें सीखीं। प्रशिक्षकों की देखरेख में उन्होंने लाइव मॉडल पर इन तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास भी किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बालों की प्रकृति और टेक्सचर के अनुसार केमिकल उत्पादों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने त्वचा की विभिन्न श्रेणियों की पहचान करने के साथ झाइयों और मुंहासों से प्रभावित त्वचा के लिए अपनाई जाने वाली ब्यूटी थेरेपी की जानकारी भी दी। इस मौके पर यूको आरसेटी की निदेशक नवज्योत कौर ने प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण भी किया। मुख्य प्रशिक्षिका एवं सौंदर्य विशेषज्ञ ज्योति ठाकुर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। फैकल्टी सदस्य मनीषा चौहान और तानिया भाटिया भी प्रशिक्षण गतिविधियों में सहयोग कर रही हैं।