ददाहू में बीडीओ कार्यालय खुलने की कवायद शुरू, विभाग ने जारी की अधिसूचना
तीन ब्लाॅकों की 24 पंचायत का नया ब्लॉक बनेगा ददाहू, आठ नए पद सृजित
योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। जिले के केंद्र बिंदू ददाहू में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय खोलने की कवायद शुरू हो गई है। ग्रामीण विकास विभाग ने रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी 24 पंचायतों को मर्ज करके ददाहू में एक अलग व नया बीडीओ कार्यालय खोलने की अधिसूचना जारी कर दी है। यह सिरमौर जिले का 8वां और रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र का दूसरा बीडीओ कार्यालय होगा। बीडीओ कार्यालय के संचालन को लेकर आठ पदों को भी सृजित किया गया है।
विभाग के आदेशों के मुताबिक ददाहू में खोले गए नए बीडीओ कार्यालय में नाहन ब्लॉक की 11 पंचायतें, पांवटा की छह व संगड़ाह ब्लॉक से 7 पंचायत को काट कर ददाहू में शामिल किया गया है। हालांकि यह पंचायतें ददाहू तहसील का पहले से ही हिस्सा हैं।
ददाहू में नए बीडीओ कार्यालय के खुलने से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को नाहन, पांवटा व संगड़ाह आदि कार्यालयों में नहीं भटकना पड़ेगा। उनके पंचायत से संबंधित कामों को ददाहू में ही निपटाया जाएगा। ददाहू में बीडीओ कार्यालय खुलने से जहां क्षेत्र के विकास को पंख लगने की उम्मीदें दिखाई दे रही हैं, वहीं जनप्रतिनिधियों को भी इस कार्यालय के खुलने से भारी सुविधा मिलेगी।
यही नहीं पंचायत चुनाव के बाद ददाहू में अपनी अलग पंचायत समिति व प्रधान परिषद का गठन भी होगा और योजनाओं से संबंधित लाभार्थियों को भी दूर जाने से छुटकारा मिलेगा।
संवाद