-पौधरोपण, गुड़ाई, कटिंग-प्रूनिंग में जुटे बागवान
-बर्फबारी और बारिश से बगीचों में व्यापक नमी
संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार (सिरमौर)। हाल ही में हुई अच्छी बर्फबारी और बारिश के बाद नौहराधार क्षेत्र में बागवानी कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। लंबे अरसे से सूखे के कारण बागवानों के अधिकांश कार्य ठप पड़े थे। अब पर्याप्त नमी मिलने से बागवान नए पौधरोपण, बगीचों में गुड़ाई, खाद व गोबर डालने जैसे कार्यों में जुट गए हैं।
क्षेत्र के बागवान इंद्र पाल, यशपाल, जगमोहन, रुपेश, जितेंद्र, विनोद का कहना है कि नौहराधार क्षेत्र में सेब के साथ-साथ आड़ू, प्लम, खुमानी और कीवी जैसे फलदार पौधों की खेती लगातार बढ़ रही है। मौसम अनुकूल होने के चलते इस समय नए पौधे लगाने का कार्य भी शुरू हो गया है। विशेषकर क्षेत्र में नए आड़ू के पौधों का रोपण जोरों पर चल रहा है।
बागवानों के अनुसार बारिश और बर्फबारी से मिट्टी में नमी बढ़ने के कारण पौधों की बढ़वार के लिए यह समय बेहद उपयुक्त है।
इसके अलावा बगीचों में पौधों की कटिंग और प्रूनिंग का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, ताकि आने वाले मौसम में अच्छी पैदावार सुनिश्चित की जा सके। बहरहाल अच्छी बारिश और बर्फबारी के बाद नौहराधार क्षेत्र के बागवान अपने खेत-बगीचों में पूरी तरह व्यस्त नजर आ रहे हैं। उन्हें आने वाले समय में बेहतर उत्पादन की उम्मीद है। संवाद