संवाद न्यूज एजेंसी
सतौन (सिरमौर)। एनएच-707 बद्रीपुर गुम्मा की हालत जगह-जगह से खराब होनी शुरू हो चुकी है। विभाग इसकी मरम्मत नहीं कर रहा है। आलम यह है कि कही सड़क खराब, कहीं पुल खराब, कहीं लाइट खराब तो कहीं फुटपाथ टूट गया है।
बद्रीपुर से गुम्मा तक लगभग 105 किलोमीटर की सड़क लगभग 1350 करोड़ से बनाई जा रही है। सन 2021 में शुरू इस सड़क का काम पांच फैज में किया जा रहा है। पहला और आखरी फैज का काम पूरा हो चुका है। जबकि बीच के तीन फैज का काम अभी प्रगति पर है। पहला फैज बद्रीपुर से हेवना तक का काम पूरा हो चुका है लेकिन अब इसकी दशा खराब होनी शुरू हो चुकी है।
पांवटा से सतौन के बीच कच्चीढांक में सड़क संकरी होकर सिंगल वे बन चुकी है। दोनों तरफ की गाड़ियां एक समय में नहीं आ जा सकती। इसके अलावा सतौन गिरिपुल की हालत बहुत दयनीय और जर्जर हो चुकी है। पिछले दो महीने से पुल के दोनों छोर की लोहे की प्लेट टूटी हुईं हैं, लेकिन इसकी मरम्मत नहीं की जा रही। सतौन में बने फुटपाथ की स्थिति बहुत दयनीय हो चुकी है। फुटपाथ टूट गए हैं। यही नहीं, बस स्टैंड के समीप फुटपाथ पर एक बहुत हिस्सा टूट गया है, जहां से आवाजाही भी होती है। कई बार गाड़ियां इस खड्डे में जा चुकी हैं। हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। इसके अलावा लाइट भी यहां खराब पड़ी हुई है।
विभाग को स्थानीय युवाओं, बुद्धिजीवियों ने सतौन पुल की खस्ता हालत को लेकर ज्ञापन सौंपें थे और इसके लिए आंदोलन भी किया था। बावजूद इसके विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। समाजसेवी नाथु राम ने कहा कि सड़क की हालत बहुत दयनीय है। एनजीटी में लगातार इस सड़क को लेकर आवाज भी उठाई जा रही हैं।
मोरथ के सहायक अभियंता मनीष ने बताया कि सड़क की मरम्मत करवाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पुल की जल्द ही मरम्मत की जाएगी।
संवाद
खस्ताहाल सतौन गिरिपुल। संवाद