नाहन (सिरमौर)। डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में 20 से 22 नवंबर तक तीन दिवसीय हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। चंबा ग्राउंड स्थित इंडोर स्टेडियम में होने वाली इस स्पर्धा में प्रदेश के लगभग 35 कॉलेजों के करीब 230 खिलाड़ी खिताब के लिए पसीना बहाएंगे।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने बताया कि अब तक 24 कॉलेजों की टीमों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर दी है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 20 नवंबर को सुबह 11 बजे होगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला के डीन ऑफ स्टडीज प्रो. बीके शिवराम मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं, 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे समापन समारोह में एचपीयू के शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशक प्रो. संजय शर्मा विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना कॉलेज के लिए गर्व का विषय है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। आयोजन के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कॉलेज प्रशासन, पीटीए और सीएससीए ने खेल प्रेमियों व आम जनता से स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।