पातलियों वार्ड-9 हॉट सीट पर अरिकेश जंग जीते, पूर्व ऊर्जा मंत्री के भतीजे को हराया
-भाजपा समर्थित प्रत्याशी के समर्थकों को जन्मदिन पर थी जीत का उपहार मिलने की उम्मीद, निराशा लगी हाथ
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पंचायतीराज चुनाव में जिला परिषद की पातलियों वार्ड-9 सीट सबसे हॉट रही। इस बार दो दिग्गज राजनीतिक परिवारों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग के पुत्र अरिकेश जंग ने इस सीट पर जीत दर्ज की। उन्होंने पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं विधायक सुखराम चौधरी के भतीजे चरणजीत सिंह चौधरी को हराया।
अरिकेश जंग ने 975 मतों के अंतर से यह चुनावी दंगल जीता। मतगणना देर रात तक चली, जिससे दोनों प्रत्याशियों और उनके कार्यकर्ताओं की धुकधुकी बढ़ती रही। अरिकेश जंग और चरणजीत सिंह चौधरी दोनों पहली बार चुनावी मैदान में उतरे थे। शुरू से अंत तक दोनों युवा नेताओं के बीच कांटे की टक्कर बनी रही। पातलियों सीट में पांवटा साहिब और नाहन विधानसभा की कुल 13 ग्राम पंचायतें आती हैं। इसमें पलहोड़ी, सैनवाला मुबारिकपुर, टोकियों, माजरा, फतेहपुर, मेलियों, ब्यास, पुरुवाला, पीपलीवाला, मिश्रवाला, क्यारदा, बहराल व पातलियों पंचायत शामिल है। कांग्रेस और भाजपा नेताओं के परिवार से प्रत्याशी मैदान में होने के कारण यह सीट हॉट बनी। कुल 21,977 मत डाले गए, जिनमें से 135 मत नोटा को मिले। 473 मत अस्वीकृत हुए, जिससे विधिमान्य कुल 21369 मत रहे।
कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अरिकेश जंग को कुल 9827 मत प्राप्त हुए। भाजपा समर्थित प्रत्याशी चरणजीत सिंह चौधरी को 8,852 मत मिले। इस प्रकार अरिकेश जंग ने अपने प्रतिद्वंद्वी चरणजीत सिंह चौधरी को 975 मतों से पराजित किया। अन्य प्रत्याशियों में पूर्व जिला परिषद सदस्य चैन सिंह चौधरी को 1331 मत मिले। पूर्व जिला परिषद सदस्या के पति परमिंद्र सिंह बिट्टू को 1359 मत प्राप्त हुए।
दिग्गजों का प्रचार अभियान
अरिकेश जंग के लिए नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने प्रचार किया। स्थानीय पूर्व विधायक भी उनके समर्थन में डटे रहे। वहीं, चरणजीत सिंह चौधरी के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रचार किया। जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता भी घर-घर जाकर वोट मांगते दिखे। दोनों प्रमुख दलों ने इस महत्वपूर्ण सीट पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी।
जन्मदिन पर थी जीत का उपहार मिलने की उम्मीद
यह सीट इसलिए सबसे हॉट बनी क्योंकि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने भविष्य के युवा नेताओं को मैदान में उतारा था। कांग्रेस ने अरिकेश जंग पर दांव खेला, जबकि भाजपा ने चरणजीत सिंह चौधरी पर भरोसा जताया। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के लिए हालात अधिक चुनौतीपूर्ण थे। कांग्रेस विचारधारा के चैन सिंह चौधरी और परमिंदर सिंह बिट्टू भी चुनावी मैदान में उतरे थे। भाजपा समर्थित प्रत्याशी चरणजीत सिंह का सोमवार को जन्मदिन भी था। उनके समर्थकों को जन्मदिन पर जीत का उपहार मिलने की काफी उम्मीद थी। हालांकि, इस कांटे के मुकाबले में अंत में उनके समर्थकों को हताशा हाथ लगी।
जिला परिषद वॉर्ड नंबर 9 पातलियो सीट पर जीत दर्ज करने के बाद विजयी जुलूस के दौरान समर्थकों का आ