नाहन में हरियाली तीज मौके पर हाथों में मेहंदी लगवाती महिलाएं। संवाद
नाहन (सिरमौर)। शहर के वरिष्ठ नागरिक डे केयर सेंटर में शुक्रवार को हरियाली तीज का पर्व मनाया गया। इस दौरान केंद्र की वरिष्ठ महिला सदस्यों ने उत्साह के साथ हाथों पर मेहंदी लगवाई और तीज पर्व का आनंद लिया।
कार्यक्रम में डीएड कॉलेज नाहन की प्रशिक्षु छात्राओं ने विशेष सहयोग दिया। छात्राओं ने वरिष्ठ महिलाओं के हाथों पर मेहंदी के सुंदर डिजाइन बनाए। पारंपरिक गीतों और उल्लास के बीच महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की बधाई दी। केंद्र की संचालिका अर्चना सैनी ने बताया कि डे केयर सेंटर में वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं। बुजुर्गों के स्वास्थ्य, मनोरंजन और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाता है। वरिष्ठ महिलाओं ने इस आयोजन के लिए केंद्र प्रबंधन और डीएड कॉलेज की प्रशिक्षु छात्राओं का आभार जताया। संवाद