राजगढ़ के मंडियाघाट स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं छात्राएं। स्र
मंडियाघाट स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह में सम्मानित किए होनहार
यूरोलोजी के चिकित्सक डॉक्टर विनोद चौहान रहे कार्यक्रम के मुख्यातिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंडियाघाट का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। राजगढ़ के नेरी निवासी यूरोलोजी के चिकित्सक डॉक्टर विनोद चौहान कार्यक्रम के मुख्यातिथि रहे। उन्होंने शिक्षा, खेल और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ देशभक्ति गीत ए मेरे वतन के लोगो जरा आंख में भर दो पानी से हुआ। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों की ओर से प्रस्तुत किया गया। मेरे ढोलना सुन... गीत पर एकल नृत्य, कजरा मोहब्बत वाला गीत पर बेहतरीन नृत्य कर बच्चों ने तालियां बटोरीं। छात्रों ने हाटी संस्कृति की झलक दिखाते हुए सिरमौरी नाटियों को प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। छात्राओं ने हिमाचली गिद्दा पेश कर खूब सराहना पाई। घूमर नृत्य और पंजाबी डांस तथा छात्राओं की सिरमौरी नाटी की प्रस्तुतियां भी बेहतरीन रहीं।
प्रधानाचार्य भाग सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. मोनिका चौहान, फ्लाइंग ऑफिसर नियुक्त हुए पार्थ चौहान, तारा सिंह वर्मा, शुभम कुमार, पंचायत प्रधान संध्या धीमान व एसएमसी अध्यक्ष विक्रम ठाकुर, स्कूल स्टाफ, बच्चे और अभिभावक मौजूद रहे।
संवाद