शिलाई(सिरमौर)। शिलाई में मानसून की पहली बरसात ने भारी तबाही मचाई है। शनिवार को शुरू हुई बारिश 14 घंटे तक जारी रही। तेज बारिश के कारण जहां सड़कों पर भूस्खलन का मलवा आ गया वहीं लोगों के घरों में दरारें भी पड़ गई।
जानकारी के अनुसार शिलाई क्षेत्र के सभी मार्ग रविवार को बंद रहे। इसके कारण लोगों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। वाहनों के पहिए तो जहां थे वहीं थमे रहे गए। इसके चलते शिलाई क्षेत्र दूसरे क्षेत्रों से कटा ही रहा।
शिलाई क्षेत्र के मुख्य मार्ग रोनहाट-मीनस, शिलाई-गत्ताधार, हरिपुरधार मार्ग सहित अन्य दो दर्जन लिंक रोड भी बंद हो गए। इसके चलते समूचे क्षेत्र में जन-जीवन बुरी तरह से अस्त-वस्त हो गया। वहीं भारी बरसात के कारण शिलाई गांव की शावणी देवी के मकान की एक दीवार पूरी तरह से टेढ़ी हो गई है।
सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल भवन रोनहाट के दो कमरों में दरारें आ चुकी हैं। इसके अलावा कई अन्य मकानों में भी दरारें आने की सूचना है। उधर, लोनिवि शिलाई के अधिशाषी अभियंता प्रमोद उप्रेती ने बताया कि शिलाई-हरिपुरधार मार्ग को खोल दिया गया है। अन्य मार्गों को भी जेसीबी की सहायता से शीघ्र खोल दिया जाएगा।
वहीं एसडीएम शिलाई विकास शुक्ल ने बताया कि उन्हें फोन पर मकानों में दरारें आने की सूचना मिली है। पटवारी को नुकसान की रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
--