-ददाहू स्कूल में पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा दाखिला
-प्रत्येक कक्षा में 40 सीटें निर्धारित, स्कूल प्रबंध की समय रहते प्रवेश लेने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। क्षेत्र के अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू में सीबीएसई बोर्ड के तहत कक्षाओं के लिए प्रवेश प्रक्रिया पहली अप्रैल से शुरू होगी। स्कूल प्रबंधन ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रवेश प्रक्रिया के तहत बालवाड़ी (नर्सरी) से लेकर जमा दो तक के विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा। इच्छुक अभिभावकों को स्कूल परिसर में पहुंचकर ऑफलाइन माध्यम से प्रवेश पत्र प्राप्त करना होगा। दाखिला पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, प्रत्येक कक्षा में केवल 40 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिससे सीमित सीटों को लेकर प्रतिस्पर्धा रहने की संभावना है। ऐसे में अभिभावकों को समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से जिले की 10 वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं को सीबीएसई से जोड़ा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शिक्षा का लाभ मिल सके।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य दीपराम शर्मा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए अध्यापकों की विभिन्न कमेटियां गठित कर उनकी जिम्मेदारियां तय कर दी गईं हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से स्कूल पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें। संवाद