संवाद न्यूज एजेसी
कालाअंब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगीनंद के 11वीं कक्षा के छात्र आदित्य शर्मा का चयन प्रतिष्ठित इंस्पायर मानक अवॉर्ड के लिए हुआ है। उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। इस योजना के तहत आदित्य शर्मा को विज्ञान परियोजना तैयार करने के लिए 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
आदित्य शर्मा अपने विज्ञान प्रोजेक्ट के साथ अब जिला स्तरीय प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में भी भाग लेगा, जहां वह अपने नवाचार और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन करेगा। स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि आदित्य पढ़ाई के साथ-साथ विज्ञान गतिविधियों में भी काफी रुचि रखता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य शिभा खन्ना ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे स्कूल के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आदित्य आगे भी अपनी प्रतिभा के दम पर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन करेगा। स्कूल प्रबंधन और स्टाफ ने भी छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।