संगड़ाह डाकघर में शुरू हुई आधार सेवा
मिनि सचिवालय में तीन साल से बंद पड़ा था आधार केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
संगड़ाह (सिरमौर)। उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह के डाकघर में हाल ही में आधार सेवा शुरू कर दी गई है। इसके शुरू होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। इससे पूर्व यह सेवा मिनि सचिवालय संगड़ाह में उपलब्ध थी, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते पिछले तीन वर्षों से यह सेवा बंद पड़ी थी।
क्षेत्र के लोगों को आधार कार्ड बनवाने और इससे संबंधित कार्यों के लिए 70 किलोमीटर दूर नाहन जाना पड़ता था। आधार सेवा शुरू होने से जहां पर लोगों का समय बचेगा वहीं लोगों को यह सुविधा प्राप्त करने के लिए जो पैसों की बर्बादी करनी पड़ती थी उससे भी राहत मिलेगी। स्थानीय डाकघर में यह सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।
क्षेत्रवासियों ने यहां आधार सेवा केंद्र शुरू करने के लिए डाक विभाग का धन्यवाद किया है। उप-डाकघर के संबंधित कर्मचारी ने बताया कि किसी भी कार्य दिवस के दौरान आधार बनाए अथवा अपडेट किए जा सकते हैं।
-संवाद