एसडीएम कार्यालय के तहत पंजीयक एवं अनुज्ञापन प्राधिकारी (आरएंडएलए) पांवटा का व्यावसायिक वाहन संचालकों के पास लाखों टोकन टैक्स राशि लंबित पड़ी है। अब विभाग व्यावसायिक वाहन संचालकों पर शिकंजा व सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में जुट गया है। ऐसे वाहनों में शामिल कुछ निजी बसें, ट्रक व जेसीबी आदि की पूरी सूची तैयार की जा रही है। टोकन टैक्स जमा करवाने को 30 नवंबर 2015 तक का समय दिया जा रहा है। इसके बाद जुर्माना व वाहनों को भी जब्त करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
बताया जा रहा है कि पांवटा क्षेत्र में चल रहे कई व्यवसायिक वाहन संचालक टोकन टैक्स जमा नहीं करवा रहे हैं। इन वाहनों में ट्रक, निजी बसें, जेसीबी, लोडर वाहन व बोलेरो कैंपर आदि वाहन शामिल हैं। इन व्यावसायिक वाहनों के कुछ संचालकों ने काफी लंबे अर्से से टोकन टैक्स जमा ही नहीं करवाया है, जिससे अब लंबित राशि कई लाखों में हो चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार अब तक आरएंडएलए पांवटा कार्यालय में ऐसे करीब 2640 वाहन शामिल हैं।
इनके संचालक टैक्स जमा करवाने में लापरवाही व देरी कर रहे हैं। विभाग ने अब ऐसे लापरवाह वाहन संचालकों पर शिकंजा कसने की तैयारी की है। लंबित टोकन टैक्स की सूची तैयार की जा रही है। इन वाहनों के संचालकों को 30 नवंबर से पहले लंबित टैक्स अदायगी का समय दिया जा रहा है।
एसडीएम पांवटा एचएस राणा ने पुष्टि कर कहा है कि टोकन टैक्स अदायगी न करने वालों की सूची तैयार हो रही है। इस माह के 30 नवंबर 2015 तक टैक्स जमा करवाने का समय दिया जा रहा है। इसके बाद जुर्माना एवं वाहन जब्त किया जाएगा। टोकन टैक्स अदायगी तक ऐसे वाहन जब्त रहेेंगे।