विकासनगर से पांवटा साहिब ला रहा था नशे की खेप
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4796 नशीले कैप्सूल की खेप बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा के अंबाला जिले का रहने वाला है और वह विकासनगर से पांवटा साहिब की ओर कार में नशीले कैप्सूल लेकर आ रहा था। आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि डिटेक्शन सेल पांवटा साहिब की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान रैनबैक्सी चौक के पास पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति कार (नंबर एचआर-04एल-6828) में भारी मात्रा में नशे के कैप्सूल लेकर विकासनगर से पांवटा साहिब की ओर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर कार चालक रवि निवासी गांव कालाअंब, हमीदपुर, नारायणगढ़, अंबाला (हरियाणा) के कब्जे से 4796 नशीले कैप्सूल बरामद किए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले कैप्सूल की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी रवि के खिलाफ पहले भी थाना कालाअंब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वर्ष 2025 में दर्ज मामले में उसके कब्जे से नशे के 72 कैप्सूल और कोडीन फॉस्फेट युक्त सिरप बरामद किया गया था। अदालत के आदेश के बाद आरोपी जमानत पर था। एसपी ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।