थाना क्षेत्र कालाअंब के तहत नाहन-कालाअंब एनएच-72 पर मोगीनंद के समीप एक अनियंत्रित इनोवा सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को रौंदते हुए ढाबे के अंदर घुस गई। इससे मौके पर चाय पीने को रुके युवक की मौत हो गई है। गनीमत यह रही कि अन्य लोग ढाबे के बाहर मौजूद नहीं थे, अन्यथा हादसे के शिकार कुछ अन्य लोग भी हो सकते थे। पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ धारा 279 व 304ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार मंगलवार सुबह 10:45 बजे नाहन से कालाअंब की ओर आ रही इनोवा गाड़ी नंबर एचपी-39डी-0969 ने मोगीनंद स्कूल के सामने सड़क किनारे ढाबे के समीप खड़े बाइक सवार राजेंद्र सिंह (27) को रौंदते हुए ढाबे के अंदर घुस गई। इससे राजेंद्र सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
इनोवा ढाबे को तोड़कर डंगे से लटक गई।
गाड़ी चालक मोहन सिंह निवासी पालमपुर ने राजेंद्र सिंह को लोगों की सहायता से नाहन अस्पताल पहुंचाया, जहां राजेंद्र सिंह की मौत हो गई। राजेंद्र सिंह त्रिलोकपुर के समीप जांटावाला गांव का निवासी है, जो मोगीनंद में आईपीएच विभाग में कार्यरत था। गाड़ी की टक्कर से राजेंद्र सिंह की बाइक नंबर एचपी-18बी-6098 व एक अन्य स्कूटर एचपी-18बी-3067 को भी नुकसान पहुंचा है। कालाअंब में बीते सोमवार को भी ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में नाहन निवासी रजनीश गुजराल की मौत हो गई थी।
उधर कालाअंब थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने चालक मोहन सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के शिकार राजेंद्र का शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।