लालढांग-शिलाई-पांवटा एनएच मार्ग पर रविवार देर रात को सड़क हादसा हुआ। एक आल्टो कार कमरऊ से कफोटा की तरफ जा रही थी। ग्राम बलदवा के समीप कार करीब तीन सौ फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक एक व्यक्ति की मौत हो गई। सोमवार को सुबह घास लेने जा रहे ग्रामीणों ने कार को गहरे खड्ड में गिरा हुआ देखा। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने शव को सड़क तक पहुंचाया। राजबन पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है।
मिली जानकारी एचपी17-7653 आल्टो कार में ग्राम पंचायत शावगा के जुईनल निवासी बहादुर सिंह (40) कार चालक था। रविवार देर रात को कार कमरऊ से कफोटा की तरफ जा रही थी। कमरऊ से बलदवा के बीच कार गहरी खाई में जा गिरी। इसमें सवार व्यक्ति की हादसे में मौत हो गई लेकिन इस हादसे का पता सुबह चल सका। जब गांव के लोग घास लेने जा रहे थे। इस दौरान एक कार को एक खाई में गिरा हुआ देखा।
बलदवा व तिलौरधार के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, जिसके बाद खाई में उतर कर, घायलों की तलाश शुरू कर दी। खड्ड में एक व्यक्ति का शव मिला। इसकी सूचना राजबन पुलिस थाने में कर दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान कर शव को गहरे खड्ड से बाहर निकाला गया। परिजनों के पहुंचने पर पांवटा में पोस्टमार्टम करवाया गया।
उधर, थाना प्रभारी पांवटा लायक राम सिसौदिया ने पुष्टि की है। एसएचओ ने कहा कि राजबन टीम मामले की जांच कर रही है। आल्टो के चालक बहादुर सिंह(40) निवासी जुईनल की हादसे में मौत हो गई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।