पांवटा साहिब के कुंडियों का निवासी था पवन कुमार
उत्तराखंड के मटक माजरी तिराहे के पास हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उत्तराखंड के शिमला बाईपास रोड पर मटक माजरी तिराहा के पास दर्दनाक हादसा हुआ। इसमें ट्रक और टिपर में आमने-सामने भिड़ंत हो गई है। टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों में आग लग गई। हादसे में पांवटा के कुंडियों गांव के ट्रक चालक की जिंदा जल जाने से मौत हो गई। विकासनगर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उत्तराखंड के विकासनगर थाना की पुलिस चौकी कुल्हाल के तहत शिमला बाइपास में ट्रक और टिपर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। सूचना मिलने पर उत्तराखंड पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। वाहनों में लगी आग पर काबू पा लिया गया। दोनों वाहनों को पुलिस ने चेक करने पर पाया कि हिमाचल नंबर के ट्रक चालक पवन कुमार (40) पुत्र बाल किशन निवासी ग्राम कुंडियों तहसील पांवटा साहिब की ट्रक जलने के कारण मौके पर मौत हो गई। 108 एंबुलेंस में शव को उप जिला चिकित्सालय विकासनगर भेज दिया गया। दोनों वाहन मालिकों को घटना के बारे में सूचित कर दिया। मृतक के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार डंपर चालक मौके से फरार हो गया है। विकासनगर थाना प्रभारी राजेश शाह ने कहा कि मामले ही जांंच की जा रही है।