बालेश्वर की घटना पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
नाहन में निकाली रैली, उपायुक्त कार्यालय में किया धरना प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। ओडिशा के बालेश्वर में आत्मदाह करने वाली छात्रा के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं ने नाहन में प्रदर्शन किया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सुबह शहर में रैली निकाली और उसके बाद उपायुक्त कार्यालय में धरना प्रदर्शन करके पीड़िता को न्याय देने की मांग की।
प्रदर्शनकारी छात्रों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कला मंच की प्रदेश संयोजक शीतल सूर्यवंशी ने कहा कि उनकी महिला साथी कार्यकर्ता के साथ विभागाध्यक्ष ने अमानवीय प्रताड़ना की जिससे उसने आत्मदाह जैसा कदम उठाया। उन्होंने कहा कि देश के शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों के अधिकार पर हमले किए जा रहे हैं।
पांवटा इकाई महामंत्री शिवानी ठाकुर ने कहा कि उनका संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब कि दोषियों को न्याय के कठघरे में खड़ा नहीं किया जाता। प्रदर्शन के बाद छात्रों ने उपायुक्त के माध्यम से केंद्र सरकार को भी ज्ञापन भेजा, जिसमें छात्र गरिमा और अधिकारों की रक्षा करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
-संवाद