अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पांवटा इकाई ने चलाया सदस्यता अभियान
सदस्यता ग्रहण करने वालों ने संगठन के उद्देश्य से जुड़ने का लिया संकल्प
कॉलेज कैंपस, कैंटीन, पुस्तकालय और सार्वजनिक स्थलों पर संपर्क अभियान
पांवटा साहिब इकाई
पांवटा साहिब(सिरमौर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, पांवटा साहब इकाई की ओर से वार्षिक सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। पांवटा कॉलेज के कैंपस में तीसरे दिन भी कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा नजर आई। कॉलेज के सैकड़ों विद्यार्थियों ने अब तक परिषद की सदस्यता ग्रहण की है। नए सदस्यों ने संगठन के उद्देश्य से जुड़ कर छात्रहित व राष्ट्रहित सेवा कार्य का संकल्प लिया।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनीष समटा ने कहा कि सदस्यता अभियान में विद्यार्थियों का यह उत्साह दर्शाता है कि युवा पीढ़ी राष्ट्रहित, शिक्षा सुधार और छात्र अधिकारों के मुद्दों के लिए सजग है। हमारा लक्ष्य है कि इस बार का सदस्यता अभियान जिले के हर कॉलेज तक पहुंचे। सदस्यता अभियान 10 अगस्त से 25 अगस्त 2025 तक जारी रहेगा। परिषद ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अभियान में शामिल होकर संगठन का हिस्सा बनें और समाज व राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाएं।
एबीवीपी के अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने पांवटा साहिब कॉलेज कैंपस के कैंटीन, कक्षाओं, पुस्तकालय और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर संपर्क किया। विद्यार्थियों को संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों और संघर्षों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रभक्ति के गीत गाकर और प्रेरणात्मक नारों से माहौल को ऊर्जावान बनाया।
संवाद