अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की दो दिवसीय विभागीय बैठक का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) सोलन विभाग की दो दिवसीय विभागीय बैठक हिंदू आश्रम नाहन में हुई। बैठक का उद्देश्य पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा करना और आगामी शैक्षणिक, संगठनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत योजना तैयार करना रहा।
उद्घाटन सत्र में प्रदेश सह-मंत्री लितेश और प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. हरीश गौतम ने दीप प्रज्वलन कर बैठक को औपचारिक आरंभ किया। इस दौरान सोलन विभाग प्रमुख डॉ. चमन ठाकुर भी मौजूद रहे। प्रथम सत्र में विभाग की ओर से पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों जैसे सदस्यता अभियान, इकाई गठन, जिला अभ्यास वर्ग, स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, राष्ट्रीय और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। सफलताओं के साथ-साथ कमियों पर भी आत्ममंथन करते हुए उन्हें सुधारने के लिए ठोस सुझाव दिए गए।
द्वितीय सत्र में आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। इसमें राष्ट्रीय युवा दिवस (12 जनवरी), युवा पखवाड़ा, नगर खेलकूद प्रतियोगिताएं, रक्तदान एवं वस्त्र बैंक जैसे सामाजिक कार्य, छात्रावास सर्वेक्षण, छात्र उद्बोधन कार्यक्रम, तहसील एवं नगर स्तर पर संगठन विस्तार जैसे विषयों पर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
संवाद