-विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, जरूरी दस्तावेजों, ऑनलाइन आवेदन की जानकारी में किया जा रहा सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पांवटा साहिब इकाई की ओर से राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में नवप्रवेशी विद्यार्थियों की सुविधा एवं मार्गदर्शन के लिए प्रवेश सहायता केंद्र स्थापित किया है। सहायता केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, आवश्यक दस्तावेजों, ऑनलाइन आवेदन तथा अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर इकाई अध्यक्ष मनीष समटा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य को लेकर कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले अनेक विद्यार्थी पहली बार उच्च शिक्षा के वातावरण में कदम रखते हैं, जिसके कारण उन्हें प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन एवं विभिन्न औपचारिकताओं को समझने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में विद्यार्थी परिषद द्वारा स्थापित प्रवेश सहायता केंद्र उनके लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे तथा उन्हें सही जानकारी और उचित दिशा प्रदान करेंगे।
मनीष समटा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य केवल प्रवेश संबंधी सहायता प्रदान करना नहीं है, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी को महाविद्यालय के शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े अवसरों से भी अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल के भारत का निर्माता है, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को उचित मार्गदर्शन एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।
इकाई मंत्री अनिकेत भंडारी ने कहा कि एबीवीपी का यह अभियान विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। परिषद के कार्यकर्ता प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की हर संभव सहायता के लिए महाविद्यालय परिसर में उपलब्ध रहेंगे, जिससे किसी भी विद्यार्थी को जानकारी के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।
परिषद के कार्यकर्ताओं ने बताया कि प्रवेश सहायता केंद्र प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने तक निरंतर संचालित किए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए वे निसंकोच एबीवीपी हेल्प डेस्क से संपर्क करें।