डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर पांवटा कॉलेज में एबीवीपी द्वारा पुष्पांजली के बाद समानता-एक
समाज में समानता और एकता का संदेश, सह भोज का आयोजन
युवाओं को डॉ. आंबेडकर के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, पांवटा साहब इकाई की ओर से डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर आपसी एकता व समानता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रसाद वितरण एवं सहभोज का आयोजन हुआ। इस दौरान पांवटा साहिब कॉलेज के प्राचार्य समेत स्टॉफ सदस्यों ने भी पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम का उद्देश्य डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को युवाओं तक पहुंचाना और समाज में समानता और एकता का संदेश प्रसारित करना रहा।
शिवानी चौहान ने बताया कि पांवटा कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनीष समटा और एबीवीपी जिला संयोजक हरमीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. आंबेडकर की शिक्षाओं को याद करते हुए युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने और सामाजिक सुधार के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी।
इस दौरान एक सामूहिक सहभोज का आयोजन किया गया जिसमें सभी वर्गों और समुदायों के लोगों ने भाग लिया। सहभोज सामाजिक समरसता का वास्तविक प्रतीक बना। समाज में आपसी भाईचारे और एकता का वातावरण स्थापित करने का प्रयास किया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, पांवटा साहब इकाई के इस सराहनीय प्रयास की सभी ने प्रशंसा की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद संगठन से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में समाज में समानता और समरसता के संदेश को मजबूती से स्थापित किया।