पत्रकार वार्ता (सचित्र)...
एबीवीपी सिरमौर में नशे के खिलाफ चलाएगी अभिनिवृत्ति अभियान
28 फरवरी से 10 मार्च तक जनजागरण रैलियां और कार्यक्रम होंगे
नाहन में पत्रकार वार्ता में बोले एबीवीपी के जिला संयोजक पारस ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। एबीवीपी सिरमौर जिले में नशे के खिलाफ अभिनिवृत्ति अभियान चलाएगी। 28 फरवरी से 10 मार्च तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जन जागरण रैलियां और अन्य जागरूकता कार्यक्रम होंगे। एबीवीपी के जिला संयोजक पारस ठाकुर ने यह बात मंगलवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चिट्टे जैसा नशा बेहद प्रभावी रूप से बढ़ता नजर आ रहा है। विद्यार्थी परिषद की ओर से नशे के हिमाचल में आने के पहले चरण में ही इसका विरोध शुरू कर दिया गया था लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से विद्यार्थी परिषद की नशे के खिलाफ कदम उठाने की मांग को हल्के में लिया गया।
एबीवीपी ने प्रदेश में फैलते नशे की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश स्तरीय समिति बनाकर नशे के खिलाफ अभिनिवृत्ति नाम से एक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी से 5 मार्च तक इस अभियान के निमित इकाई स्तर पर विद्यार्थी परिषद एसडीएम, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी। इसके बाद 5 मार्च से 10 मार्च तक विद्यार्थी परिषद नशे के खिलाफ पर्चा वितरण एवं पोस्टर चस्पां और वितरण करेगी।
इसके अलावा विश्वविद्यालय और इकाई स्तर पर 7 मार्च को जनजागरण रैलियां, राष्ट्रीय कला मंच के माध्यम से जिला केंद्रों पर नुक्कड़ नाटक और कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कुल्लू में एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की ओर से की गई धक्कामुक्की की भी निंदा की। इस अवसर पर एबीवीपी के अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
...संवाद