-आज खास की खबर
आयुर्वेद दिवस पर योग, स्वास्थ्य जांच शिविर और जागरूकता व्याख्यान का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला आयुष विभाग सिरमौर तथा रोटरी क्लब, नाहन के संयुक्त तत्वाधान में माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग नाहन में मंगलवार को आयुर्वेद दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की छात्राओं की ओर से प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत भाषण से हुआ। इसके उपरांत रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन ने संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद केवल एक चिकित्सा पद्धति ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। यह हमें सिखाता है कि प्रकृति के साथ तालमेल बनाकर कैसे जिया जाए, शरीर, मन और आत्मा का संतुलन कैसे बनाए रखा जाए और बीमारियों से बचाव कैसे किया जाए। आयुर्वेद भारतीय परंपरा और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो आज भी स्वस्थ जीवन का मार्ग प्रशस्त करता है।
इस दौरान योग सत्र का आयोजन हुआ। इसमें 250 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। योग अभ्यास के दौरान विद्यार्थियों ने शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने के सरल उपायों को सीखा और अनुभव किया।
आयोजन में जिला आयुष अधिकारी डॉ. इंदु शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रेरणादायक विचार रखे। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को आयुर्वेद के महत्व को समझते हुए इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। साथ ही चिकित्सा अधिकारी (आयुर्वेद अस्पताल) डॉ. दीक्षा ने स्वास्थ्य विषयक वार्ता प्रस्तुत की और उपस्थित लोगों को आयुर्वेदिक पद्धति से रोगों की रोकथाम एवं उपचार की जानकारी दी।
इस दौरान निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिकों व विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य जांच करवाई और लाभ उठाया। रोटरी क्लब नाहन ने शिविर में उपस्थित आयुष विभाग के सभी चिकित्सकों एवं स्टाफ को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक अनिल जैन, रोटरी क्लब अध्यक्ष मनीष जैन, सचिव रोटरी क्लब भविष्य गौतम, नीरज गुप्ता, सुनील शर्मा एवं प्राचार्या रिजी गीवरघीस विशेष रूप से उपस्थित रहे।