-पनार और कोटला मोलर में शिविर का हुआ आयोजन
-स्वच्छ पानी पीने, साफ-सफाई रखने की दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य खंड धगेड़ा के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर पनार और कोटला मोलर में आयुष्मान आरोग्य शिविरों का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। इसके साथ ही बरसात के मौसम में फैलने वाले जलजनित रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए बचाव के उपाय भी बताए गए।
पनार में आयोजित शिविर में 40 मरीजों की ओपीडी की गई। जांच के दौरान चार पुराने उच्च रक्तचाप और दो मधुमेह के मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अलावा तीन लोगों को बलगम जांच के लिए रेफर किया गया। वहीं, कोटला मोलर में आयोजित शिविर में 45 मरीजों की ओपीडी हुई। यहां सात पुराने उच्च रक्तचाप और दो मधुमेह के मरीजों की जांच की गई। दो लोगों को स्पुटम जांच के लिए रेफर किया गया, जबकि 40 मरीजों के एक्सरे भी किए गए।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि बरसात के मौसम में दूषित पानी और अस्वच्छ वातावरण के कारण डायरिया, टाइफाइड, हैजा और अन्य जलजनित रोगों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को केवल उबला या स्वच्छ पानी ही पीना चाहिए। भोजन को हमेशा ढककर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाथों की नियमित सफाई, घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखना और खुले में गंदगी न फैलाना बीमारियों की रोकथाम के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दस्त, उल्टी, बुखार, पेट दर्द या अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई दें तो स्वयं उपचार करने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें। समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।