आपदा प्रबंधन पर कार्यशाला में 50 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की ओर से शनिवार को नाहन में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विकास खंड नाहन के 50 पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। एडीएम सिरमौर एलआर वर्मा ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने प्रदर्शन के माध्यम से आपदा के दौरान बचाव संबंधी जानकारी दी।
एडीएम सिरमौर एलआर वर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान प्रतिभागियों को अलग-अलग तरह की आपदा से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। विशेषतौर पर आग की घटना से बचाव और अलग-अलग उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की ओर से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आपदा के समय प्राथमिक उपचार और सीपीआर संबंधी जानकारी दी गई।