शिलाई में आंगनबाड़ी सहायिका के छह पदों के लिए आवेदन शुरू 24 अक्तूबर तक होंगे आवेदन, 3 नवंबर को साक्षात्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/शिलाई (सिरमौर)। बाल विकास परियोजना अधिकारी शिलाई के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी सह प्रीस्कूल्स में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के छह रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। ये पद ग्राम पंचायत पोहटा मानल के मुनई बेलाड़ी, भंगाटा व जुईनल, ग्राम पंचायत बकरास के बम्बराड़, ग्राम पंचायत बेला के बशवा तथा ग्राम पंचायत काण्डो भटनोल के भटनोल आंगनबाड़ी केंद्र में भरे जाएंगे।
बाल विकास परियोजना अधिकारी गीता सिंगटा ने बताया कि संबंधित क्षेत्र की सामान्य निवासी इच्छुक महिलाएं, विवाहित या अविवाहित, सादे कागज पर स्वयं सत्यापित दस्तावेजों के साथ 24 अक्तूबर 2026 शाम पांच बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी शिलाई के कार्यालय में आवेदन कर सकती हैं। पदों के लिए साक्षात्कार 3 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे एसडीएम शिलाई के कार्यालय में होगा।
उन्होंने बताया कि आवेदक की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मान्यता प्राप्त स्कूल शिक्षा बोर्ड से 12वीं उत्तीर्ण, आयु 18 से 35 वर्ष तथा परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक हिमाचल की स्थायी निवासी होने के साथ संबंधित आंगनबाड़ी लाभान्वित क्षेत्र की सामान्य निवासी भी होनी चाहिए। इसका प्रमाण संबंधित कार्यकर्ता से जारी करवाकर वृत पर्यवेक्षक से प्रतिहस्ताक्षरित कराना होगा।
चयन शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, अन्य प्रमाण पत्रों और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर वरीयता से होगा। चयन के लिए अधिकतम 25 अंक निर्धारित हैं तथा उच्च शिक्षा प्राप्त उम्मीदवारों को नियमानुसार अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।-