अंग्रेजी माध्यम से बच्चों को पढ़ाने का कौशल बढ़ाने को लेकर आयोजित होगी कार्यशाला
शिक्षा खंड संगड़ाह की 30 प्राथमिक पाठशालाओं के जेबीटी इस कार्यशाला में लेंगे भाग
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। शिक्षा खंड संगड़ाह के अंतर्गत आने वाली 30 प्राथमिक पाठशालाओं में शुक्रवार और शनिवार को प्रतिनियुक्त किए शिक्षक अपनी सेवाएं देंगे। दरअसल, इन 30 पाठशालाओं में कार्यरत प्राथमिक अध्यापकों को दो दिवसीय कार्यशाला में भाग लेेना है। यह कार्यशाला प्रारंभिक शिक्षा विभाग सिरमौर के निर्देश पर प्राथमिक पाठशालाओं में पहली और दूसरी कक्षा के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करवाने के कौशल को निखारने के लिए आयोजित की जा रही है। इसे लेकर बीईईओ संगड़ाह ने खंड परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा अभियान एवं प्रधानाचार्य राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संगड़ाह को पत्र लिखा है। पत्र के जरिए खंड परियोजना अधिकारी को अवगत करवाया है कि 17 और 18 मई को खंड की 30 प्राथमिक पाठशालाओं के जेबीटी शिक्षकों की कार्यशाला हो रही है। इसका मकसद बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाने के लिए शिक्षकों के कौशल को बढ़ाना है। पत्र में कहा गया है कि ऐसे में इन प्राथमिक पाठशालाओं की पढ़ाई बाधित न हो और सभी कार्य सुचारु रूप से चलते रहें, इसके लिए इन प्राथमिक पाठशालाओं के साथ लगती उच्च, माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं से शिक्षकों को प्रतिनियुक्त कर दो दिन के लिए इन पाठशालाओं में भेजा जाए। भेजे गए पत्र में कार्यशाला में शिक्षकों के जाने के कारण प्रभावित होने वाली 30 प्राथमिक पाठशालाओं की सूची भी संलग्न की गई है। इसमें प्राथमिक पाठशाला लानापालर, पालियो, लवाली, बारग, दाना, कोलवा, डुंगी, सनग, टिकरी, देवना, मुलान, चांबी, गनोग, कैल, कसलोग, भडवाना, कठियोग, पाब कैनू, नीचला गाता, हरियोट, रतवा, चूनरधार, थौला, भालार, डसाकना, मंडूरी, काफलू, बरोल और शिल्लाहां शामिल हैं। पत्र में इन पाठशालाओं के साथ लगते उच्च, माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों का भी जिक्र किया गया है, जहां से शिक्षक प्रतिनियुक्त किए जा सकते हैं।
प्रतिनियुक्ति पर शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी है
कार्यकारी खंड परियोजना अधिकारी एवं प्रधानाचार्य संगड़ाह एचआर भारद्वाज ने बताया कि जिन प्राथमिक स्कूलों से जेबीटी की ड्यूटी कार्यशाला के लिए लगी है, वहां प्रतिनियुक्ति पर शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी है।