कुंजा मतरालियों में बाल विकास शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिंदल पब्लिक स्कूल, कुंजा मतरालियों में भारत विकास परिषद की पांवटा साहिब शाखा ने बाल विकास शिविर का आयोजन किया। शिविर का परिषद के अध्यक्ष वेद प्रकाश जिंदल ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
शिविर में बच्चों के संपूर्ण पोषण पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने संतुलित आहार अपनाने की आवश्यकता बताते हुए दालें, हरी सब्जियां, दूध और उससे बने उत्पादों के नियमित सेवन की सलाह दी। उन्होंने कैल्शियम और विटामिन-डी की पूर्ति के लिए दूध, दही और छाछ का सेवन करने तथा ताजे एवं मौसमी फलों को दैनिक भोजन में शामिल करने पर भी बल दिया।
शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में परिषद के सचिव अरुण शर्मा, प्रांत महिला सहभागिता संयोजक डॉ. भूपेश धीमान, सुमन गुप्ता और अमित भटनागर ने भाग लिया। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को संतुलित पोषण तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। इस अवसर पर भारत विकास परिषद की ओर से सर्वशक्ति भटनागर, प्रेमपाल ठाकुर, विनोद सैनी और नंदा गुप्ता भी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य बिमला जिंदल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।