ददाहू (सिरमौर)। उप तहसील ददाहू में पिछले एक सप्ताह से नायब तहसीलदार का पद रिक्त पड़ा हुआ है। इससे लोगों के राजस्व व प्रशासनिक से संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोग तहसील कार्यालय के चक्कर काटकर अपने प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भटक रहे हैं। चुनाव आयोग द्वारा ददाहू के नायब तहसीलदार का तबादला उप तहसील नेरवा में करने से यह समस्या आई है।
यहां से नायब तहसीलदार का तबादला तो कर दिया गया, मगर उनके स्थान पर किसी को नहीं भेजा गया। इससे लोगों को तहसील से संबंधित कार्य निपटाने में परेशानी हो रही है। ददाहू में एक अक्तूबर से तहसील का कामकाज ठप पड़ा हुआ है। आचार संहिता लगने के कारण अवैध कब्जाधारियों की नजर खाली सरकारी भूमि पर टिकी हुई है। ददाहू में आचार संहिता के दौरान अकसर अवैध कब्जों को बढ़ावा मिलता है।
उधर एसडीएम नाहन राणा प्रीतपाल सिंह ने ददाहू में नायब तहसीलदार का पद रिक्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि शीघ्र ही उप तहसील ददाहू में दूसरी नायब तहसीलदार को भेजा जाएगा, जिसके आदेश मिल चुके हैं। उन्हाेंने कहा कि अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई करेगा।