अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर विद्यार्थी मंच ने शहीदी दिवस (भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव) पर नाहन के चौगान मैदान में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया। देशभक्ति से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से आए विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक पेश कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में मानव भारती विश्वविद्यालय सोलन के कुलपति प्रो. जितेंद्र राज श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जबकि, सुनील कुमार शास्त्री मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृत कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना पेश कर किया। इसके बाद मिसेज इंडिया एलीगेंट हिमाचल प्रदेश निशा अग्रवाल ने ऐ मेरे वतन के लोगों, जरा आंख में भर लो पानी.., देशभक्ति गीत पेश कर तालियां बटोरीं। नर्सिंग स्कूल नाहन की अंजना, शशि, किरण, कंचन और सखियों ने देशभक्ति की लघु नाटिका पेश की। इसमें छात्राओं के अभिनय ने दर्शकों की खूब वाह-वाही लूटी। एसवीएन स्कूल नाहन की श्रेया, मीनाक्षी, हंसिका, आरजू और सखियों ने हम नौजवान हैं वतन के.., गीत पेश कर खूब रंग जमाया। नर्सिंग स्कूल नाहन की आरती शर्मा, रेणुका शर्मा और सखियों ने मां तुझे सलाम.., देशभक्ति गीत पर जबरदस्त सामूहिक नृत्य पेश किया। डीएवी स्कूल नाहन की मुनमुन पंवार, स्नेहा, आयूषी और सखियों ने मोहे तू रंग दे बसंती.., देशभक्ति गीत पर मनमोहन सामूहिक नृत्य पेश किया। इस नृत्य में मुख्य नृतिका मुनमुन पंवार के नृत्य और चेहरे के भावों ने चार चांद लगा दिए।
माता पदमावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्राओं यहां हर कदम पर धरती रंग बदले..., देशभक्ति गीत पर शानदार नृत्य पेश किया। इस अवसर पर विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, कार्यक्रम संयोजक रणधीर सिंह, मानव शर्मा, राहुल चौहान, इंद्रपीत कौर, भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला प्रवक्ता राकेश गर्ग, राजीव, विक्रम वर्मा, अभयकांत अग्रवाल, मोहिनी गुप्ता सहित हजारों लोगों ने शिरकत की।