अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। नारी गरिमा के संकल्प पर आधारित अमर उजाला की अपराजिता 100 मिलियन स्माइल मुहिम के तहत सोमवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान नाहन (डाइट) में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें डीएसपी मुख्यालय बवीता राणा ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत करते हुए उपस्थित प्रशिक्षाणार्थियों को अहम जानकारियां दी। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों और कानून के प्रति सजग रहें। कहीं अपराध हो रहे हैं तो पुलिस को इसकी जानकारी दें।
उन्होंने कहा कि नाबालिगों की सुरक्षा के लिए प्रोवेंशन ऑफ चिल्ड्रन फॉर सेक्शुअल ऑफेंस (पोक्सो) एक्ट बनाया गया है। 18 वर्ष से कम उम्र के लड़का या लड़की के साथ इस तरह की घटनाएं होने पर इस कानून के तहत कार्रवाई की जाती है। यदि 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के साथ दुराचार जैसी घटनाएं हों तो एक्ट के अनुसार 20 वर्ष या उम्र कैद तक का प्रावधान है। यहां तक कि हाल ही में हुए संशोधन के तहत आरोपी को फांसी भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि एक्ट के तहत यदि कोई बच्चा किसी व्यक्ति से मदद मांगता है तो उसे पुलिस तक यह मामला पहुंचाना चाहिए। नहीं पहुंचाने पर उस पर भी मामला दर्ज हो सकता है। वहीं, महिला द्वारा नाबालिग के साथ अनैतिक संबंध बनाने पर महिला के खिलाफ भी इस अधिनियम के तहत कार्रवाई करने का प्रावधान है। शक्ति ऐप के जरिए भी इसकी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। डाइट के प्रधानाचार्य एमएम गुप्ता ने कहा कि महिला को अलग-थलग कर सामाजिक विकास संभव नहीं है। लेकिन, महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनें कानूनों का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए।
क्या बोली छात्राएं--
1. करिश्मा लोभी ने कहा कि अमर उजाला के कार्यक्रम से बहुत कुछ नई जानकारियां मिलीं। डीएसपी ने पोक्सो एक्ट पर बेहतरीन तरीके से जागरूक किया।
2. वीना शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम में महिला सुरक्षा को लेकर बनाई गई कई नई धाराओं की जानकारी दी गई। इस जानकारी से काफी लाभ मिला।
3. रिंकी शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम प्रेरणादायक रहा। ऐसे विषयों, ऐसी धाराओं की जानकारी मिली जो महिलाओं के लिए बहुत अहम है। ऐसे कार्यक्रम होते रहने चाहिए।
4. अंजू चौहान ने कहा कि कार्यक्रम में बड़े रुचिकर तरीके से महिलाओं से जुड़े अपराध और कानूनों की जानकारी दी गई। इससे बहुत कुछ नया सीखने को मिला।
5. किरण ने कहा कि महिला सशक्तीकरण को लेकर चलाई गई इस मुहिम को वह धरातल तक ले जाएंगी। यहां मिली जानकारी को वह दूसरों तक साझा करेंगी।
6. रवीना चौहान ने कहा कि कार्यक्रम से ऐसी जानकारियां मिलीं जो महिलाओं के लिए हैं और महिलाएं ही उनसे अंजान हैं।
7. शिक्षक मोनिका वालिया ने कहा कि महिलाओं की जागरूकता के लिए यह कार्यक्रम बेहद अहम रहा। पोक्सो एक्ट के बारे में जो जानकारी उन्हें नहीं थी, वह भी प्राप्त हुई।
8. करिश्मा राणा ने कहा कि महिला अपराध की खबरें पढ़कर मन भयभीत हो जाता था। आज कार्यक्रम में महिला सुरक्षा को लेकर बने कानूनों की जानकारी मिली। इसे सुनने मात्र से मैं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हूं।
9. मेनका पराशर ने कहा कि डीएसपी ने पोक्सो एक्ट, सोशल मीडिया पर बेहतर जानकारी प्रदान की। मुझे कई नए कानूनों की जानकारी भी मिली जो महिला सुरक्षा के लिए बने हैं।