13.72 करोड़ से होगा खड्ड का तटीकरण
बिंदल ने पलहोड़ी में सुनीं लोगों की समस्याएं
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। नाहन निर्वाचन के पलहोड़ी गांव की खड्ड के तटीकरण के लिए 13 करोड़ 72 लाख की डीपीआर तैयार कर दी गई। अब इसे स्वीकृति के लिए सरकार को भेजा जाएगा। तटीकरण के बाद खड्ड में बाढ़ के कारण होने वाले भूमि कटाव का संरक्षण होगा। यह जानकारी विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने वीरवार को पलहाड़ी में जन समस्याओं को सुनने के बाद जनसभा के दौरान कही। डॉ. बिंदल ने कहा कि मारकण्डेय नदी के तटीकरण के लिए 114 करोड़ और बाता नदी की सहायक खड्डों के तटीकरण की 34 करोड़ डीपीआर तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि पलहोड़ी पंचायत को जोड़ने वाली सड़क के अधूरे कार्य को पूरा किया जाएगा। सड़क के निर्माण पर 40 लाख की राशि व्यय की गई है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जिनकी भूमि सड़क निर्माण मेें आ रही है, वे अपनी गिफ्ट डीड लोक निर्माण विभाग के नाम कर दें, जिससे सड़क निर्माण कार्य में कोई कठिनाई पेश न आए।
इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने पलहोड़ी गांव के एक व्यक्ति नसारबली दीन को उनकी मेडिकल की पर्ची के अनुरूप 7324 रुपये की राशि अपने निजी खाते से देने की घोषणा की। इस अवसर पर पंचायत के पूर्व प्रधान रघुवीर ने विस अध्यक्ष को पंचायत की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। इस अवसर पर एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा, माजरा पंचायत के प्रधान विजीश गोयल, पंचायत प्रधान धौलाकुआं मलकीयत सिंह, प्रधान कोलर अमर सिंह, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य कुलदीप ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण अजय शर्मा, नायब तहसीलदार निहाल सिंह कश्यप, खंड विकास अधिकारी पांवटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।