पुलिस की सुस्ती से बढ़ा प्रतिमा विवाद : राजेश
कालाअंब मामले में पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
बोले- सूचना देने पर भी सचिव ने नहीं की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब पंचायत में पूर्व प्रधान पुन्ना राम की प्रतिमा को लेकर चल रहे विवाद के बीच पंचायत प्रधान राजेश चौहान ने पुलिस और पंचायत सचिव पर कार्रवाई में ढील बरतने के आरोप लगाए हैं। यहां जारी बयान में पंचायत प्रधान ने कहा कि विवाद के बाद प्रशासन ने धारा 145 लगाई है। लेकिन, कुछ लोगों ने कानून का उल्लंघन कर जबरन पंचायत घर के परिसर में बुत स्थापित किया। उन्होंने कहा कि बुत की स्थापना प्रशासन और पंचायत की अनुमति के बगैर ही की गई है लेकिन, पुलिस ने किसी तरह की कार्रवाई अमल में नहीं लाई। उन्होंने समय रहते इसकी सूचना पुलिस प्रशासन और बीडीओ नाहन को दी थी। बीडीओ ने तत्काल आदेश कर सचिव को कार्रवाई करने के लिए कहा, लेकिन सचिव ने कोई कार्रवाई नहीं की। साथ ही पुलिस प्रशासन को बार-बार कहने पर भी सुस्त रवैया अपनाया गया। इसी वजह से यह विवाद शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में स्थानीय विधायक और भाजपा की कोई भूमिका नहीं है। कांग्रेसी विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का नाम बेवजह इस मामले में उछाल कर ओछी हरकत कर रहे हैं। प्रधान ने कहा कि पंचायत की भूमि राजस्व रिकार्ड में दर्ज है। जबकि यह बुत भी पंचायत घर की चार दीवारी के भीतर ही लगाया गया है।