नौहराधार इलाके में दस घंटे रहा ब्लैक आउट
नौहराधार (सिरमौर)। उपमंडल संगड़ाह के नौहराधार क्षेत्र में बारिश के चलते दर्जनों गांवों में दस घंटे तक बिजली गुल रही। हालांकि, बिजली बोर्ड ने सोमवार सुबह बिजली को बहाल कर दिया लेकिन लोगों को रात अंधेरे में ही काटनी पड़ी। जानकारी के अनुसार बिजली बोर्ड के चाड़ना उपमंडल की 33 केवी लाइन में तकनीकी खराबी आने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नौहराधार इलाके के नौहराधार, हरिपुरधार, बोगधार, देवामानल, लानाचेता, दीदग, घंडूरी, उलाना, कोरग, पुुन्नरधार व शामरा आदि दर्जनों गांवों में रात के समय बिजली गुल हो गई थी। इससे ग्रामीणों को कामकाज निपटाने भी मुश्किल हो गए। उधर, विद्युत बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता देवेंद्र सिंह ने बताया कि 33 केवी लाइन में खराबी के कारण यह दिक्कत आई थी। अब बिजली सुचारु रूप से चालू कर दी गई है।