चौगान मैदान में शिक्षा मंत्री फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज
12 अगस्त तक तैयारियां पूरी करें अफसर : डीसी
नाहन (सिरमौर)। ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के आयोजन के लिए किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ललित जैन ने कहा कि चौगान में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसका शुभारंभ 15 अगस्त को सुबह 11 बजे शिक्षा मंत्री करेंगे। इससे पहले मुख्यातिथि शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित करके शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। चौगान में ध्वजारोहण के बाद मुख्यातिथि आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी लेने के बाद लोगों को अपना संदेश देंगे। डीसी ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण होंगे। इसमें जवाहर नवोदय विद्यालय, डाइट, कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, डीएवी, एवीएन, नर्सिंग कॉलेज नाहन के छात्र-छात्राएं देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। ललित जैन ने कहा कि वर्षा होने की स्थिति में स्वतंत्रता दिवस समारोह जिला परिषद के सभागार में मनाया जाएगा। उन्होंने नगर परिषद को निर्देश दिए कि चौगान और शहीद स्मारक की सफाई और आवश्यक मरम्मत का कार्य समय पर पूरा करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह से संबंधित सभी प्रबंधों को 12 अगस्त तक पूरा कर लिया जाए। परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास कार्यक्रम 11 से 13 अगस्त तक करवाया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त आदित्य नेगी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।