अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
एनएसयूआई की जिला इकाई ने कॉलेजों से सेमेस्टर सिस्टम को बंद करने की सरकार की घोषणा को नाकाफी बताया है। छात्र संगठन एनएसयूआई का कहना है कि भाजपा ने प्रदेश के लाखों छात्रों से वायदा किया था कि जैसे ही वह सत्ता में आएगी रूसा प्रणाली को समाप्त किया जाएगा लेकिन अभी यह प्रणाली कॉलेजों में लागू है। रविवार को हुई बैठक में एनएसयूआई ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।
एनएसयूआई छात्र संगठन की जिला इकाई की एक बैठक नाहन में आयोजित हुई जिसकी अध्यक्षता जिला महासचिव धनवीर सिंह ने की। बैठक में रूसा प्रणाली और कॉलेज दाखिलों के दौरान मार्गदर्शक केंद्र लगाने पर चर्चा की गई।
धनवीर सिंह ने कहा कि 15 जून से कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। ऐसे में एनएसयूआई जिला के सभी कॉलेजों में मार्गदर्शक केंद्र लगाएगी जिससे कॉलेज में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। इस दौरान नए विद्यार्थियों को संगठन की विचारधारा से भी अवगत करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने कॉलेजों में चल रहा सेमेस्टर सिस्टम बंद किया है, जो कि अच्छी बात है लेकिन यह नाकाफी है। क्रेडिट सिस्टम आज भी वैसा ही है। सरकार ने प्रदेश के लाखों छात्रों से सत्ता में आने पर रूसा प्रणाली बंद करने का वायदा किया था जिसे अब तक बंद नहीं किया गया है। हैरत की बात तो यह है शिक्षा मंत्री इस रूसा प्रणाली को लेकर आए दिन अपने बयान बदल रहे हैं जो लाखों छात्रों के साथ विश्वासघात है।
बैठक में उपस्थित जिला महासचिव धनवीर सिंह, प्रवीण, रणदीप, सुरेंद्र, रमेश, कमलेश, मनोज, प्रकाश, अनिल, राकेश, कपिल आदि ने सरकार से मांग की कि रूसा प्रणाली को बंद किया जाए।