लाखों रुपये किए खर्च, अब पार्किंग बना खेल मैदान
पांवटा में एकमात्र नगर परिषद कमेटी मैदान का सौंदर्यीकरण जरूरी
वरिष्ठ नागरिक परिषद पांवटा की बैठक में किया गया मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
वरिष्ठ नागरिक परिषद पांवटा इकाई की बैठक प्रधान एमएल मालविया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कहा गया कि पांवटा के एकमात्र खेल मैदान पर लाखों बजट सौंदर्यीकरण पर खर्च किया गया है लेकिन बावजूद इसके अब यह खेल मैदान पार्किंग स्थल बनकर रह गया है। यहां अवैध रूप से वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे खेलकूद का अभ्यास करने वाले युवा खिलाड़ियों और सुबह शाम सैर करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में शहर की विभिन्न समस्याओं व मांगों पर चर्चा की गई। बैठक में मौजूद पांवटा इकाई प्रधान एमएम माललिया, एनडी सरीन, जेपी दिनकर, एनएन खतरी, टीसी गुप्ता, एमएस कैंथ, डीआर सैनी, बीरभान अग्रवाल, आरसी गुप्ता, पीएल शर्मा, अवतार सिंह, वीपी भारद्वाज, एलडी कोठारी, एसएल मेहता, अजीत सिंह नारंग व एम अग्रवाल ने कहा कि शहर में नप का एकमात्र बेहतर खेल मैदान है जिसमें लाखों खर्च कर सौंदर्यीकरण करवाया गया।
अब मैदान को अवैध पार्किंग स्थल बना दिया गया है। वाहनों से खेल मैदान में गड्ढे पड़ने लग गए हैं। बैठक में मैदान को धरोहर के रुप में बचाने का आग्रह नगर परिषद से किया गया है। बैठक में बाजार में बेतरतीब ढंग से रिक्शा, ई-रिक्शा से आम जनता को हो रही दिक्कतों पर भी चर्चा की गई। कहा गया कि देहरादून पांवटा एनएच-7 मार्ग पर पिछले कुछ वर्षों से लाइटें बंद पड़ी हैं जिससे अंधेरा होते ही राहगीरों को दिक्कतें हो रही हैं। यमुना पुल इससे हादसों का खतरनाक प्वाइंट बनता जा रहा है। नगर परिषद जनता की समस्या को गंभीरता से समाधान करें।
उधर, पांवटा नगर परिषद कमेटी की अध्यक्ष कृष्णा धीमान व उपाध्यक्ष नवीन शर्मा ने कहा कि जन समस्याओं के समाधान का हर संभव प्रयास होगा।
----------
सुरेश तोमर
...