ददाहू (सिरमौर) श्री साईं मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल नाहन के सौजन्य से रविवार को ददाहू में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 87 रोगियों की जांच और उपचार करके उन्हें दवाइयां भी मुफ्त वितरित की गईं। शिविर के दौरान सर्जन डॉ. रोमेश लाल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव हिंगोरानी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नफिसा व नेत्र रोग विभाग की ओर से पारुल ने अपनी पूरी टीम के साथ रोगियों की जांच और उपचार किया।
शिविर प्रभारी सादिका जोशी ने बताया कि इस दौरान विशेष बीएमडी मशीन से जहां हड्डियों की जांच की गई, वहीं बीपी और शुगर जांच की सुविधा भी रोगियों को निशुल्क में दी गई। शिविर को लेकर रोगियों में भारी उत्साह दिखाई दिया। दुर्गम ग्रामीण इलाकों से रोगी इस शिविर में अपना उपचार करवाने पहुंचे। इस मौके पर साईं अस्पताल के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।