जीवन शैली से जुड़ी बीमारियों की जांच के साथ परामर्श और योग-प्राणायाम पर बल
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। आयुष विभाग जिला सिरमौर की ओर से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत अब तक 8365 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य जांच, योग सत्र और जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लिया है। 17 सितंबर से शुरू हुए इस अभियान अंतर्गत जिले के विभिन्न आयुष संस्थानों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें विशेष रूप से महिलाओं में एनीमिया की रोकथाम, मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य में सुधार, संतुलित आहार का प्रोत्साहन, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों मधुमेह, थायरॉइड, पीसीओएस, मोटापा, उच्च रक्तचाप की जांच, परामर्श, योग और प्राणायाम के माध्यम से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर बल दिया जा रहा है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. इंदु शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण का संदेश दिया गया। आयुष चिकित्सकों द्वारा आयोजित जागरूकता व्याख्यानों में महिलाओं और किशोरियों को संतुलित आहार, आयरन युक्त भोजन, मासिक धर्म स्वच्छता, मातृ स्वास्थ्य, एनीमिया नियंत्रण और पारंपरिक औषधियों के महत्व पर जानकारी दी गई। विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों में निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला मंडलों, पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालयी छात्राओं और स्थानीय संगठनों ने सक्रिय भागीदारी की।